
प्रमोद जैन भाया ने बमूलिया की प्राण प्रतिष्ठा के लिए गुरूवरों से प्राप्त किया शुभ मुहूर्त
बारां। बमूलिया में श्री जय त्रिभुवन विमल विहार तीर्थधाम जिनालय मंदिर में जिनालय की भव्य प्राण प्रतिष्ठा अगले साल 25 मई को किया जाएगा। खान और गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया बारां के 50 से अधिक सदस्यों के सकल श्रीसंघ के साथ सांचोर में चल रहे जीवदया कार्यक्रम में पहुंचे और जैन मुनिवरों से प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त प्राप्त किया।
श्री गुणवर्धन शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर तीर्थ ट्रस्ट की अध्यक्ष और जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने बताया कि कोटा रोड पर ग्राम बमूलिया की धन्य धरा पर श्री जय त्रिभुवन विमल विहार तीर्थधाम जिनालय का निर्माण कार्य युद्वस्तर पर चल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रमोद जैन भाया और उनके साथ गए लोगों ने सांचोर पहुंचकर सकल जैन श्रीसंघ के साथ जैन मुनिवरों और साध्वियों के चरण वंदन कर दर्शन लाभ लिया और शुभाशीष प्राप्त की।
गच्दाधिपति आचार्य भगवंत श्री राजशेखर सूरिश्वर जी महाराजा और आचार्य भगवंत श्रीमद् विजय रत्नाकर सूरीश्वर जी महाराजा गुरूदेव ने बारां में निर्माणाधीन जैन तीर्थ के लिए प्रमोद जैन भाया को उनके साथ पहुंचे ट्रस्टी संघवी प्रकाश भाई, किशोर भाई गांधी जीरावला, पृथ्वीराज सिंह कोठारी, मुंबई और सकल श्रीसंघ के 50 से अधिक सदस्यों की उपस्थिति में मंदिर में जिनालय की भव्य प्राण प्रतिष्ठा के लिए अगले साल 25 मई का शुभ मुहूर्त प्रदान किया।
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने बताया कि आचार्य भगवंतों द्वारा प्रदान किए गए शुभ मुहुर्त में निर्माणाधीन जैन तीर्थ में प्राण प्रतिष्ठा के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें आचार्य भगवंतों और हजारों की संख्या में जैन समाजबंधु भाग लेंगे। जैन तीर्थ का निर्माण कार्य बेहतर कलात्मक और सुंदर तरीके से किया जा रहा है।
इस तीर्थ के बन जाने से बारां जिले से गुजरने वाले आचार्य भगवंतों, जैन धर्मावलंबियों को ठहरने और धार्मिक लाभ प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। परिसर में भव्य जिनालय के साथ साथ जनकल्याणकारी और दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए अनेक प्रकल्प भी निर्मित करवाए जा रहे हैं।
इसमें विशाल भूभाग पर अत्याधुनिक सुविधा संपन्न धर्मशालाएं, भोजनशाला, पेढी, प्याऊ, श्रावक-श्राविका उपाश्रय, प्रवचन पीठ, भव्य प्रवेश द्वार, सेवक आवास गृह आदि अनेक साधना संकुल और जीवदया करूणा मंदिर का भी निर्माण करवाया जा रहा है।
Previous Post: सोनिया गांधी से मिले तेजस्वी यादव
For More Updates Visit Our Facebook Page
Follow us on Instagram | Also Visit Our YouTube Channel