जयपुर में चुनाव प्रचार का आखिरी दांव, CM भजनलाल ने बजरंग बली के दर्शन से शुरू किया रोड शो

News Desk

Jaipur : राजस्थान निकाय चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के परकोटे में रोड शो के जरिए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने अपने रोड शो की शुरुआत सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचकर बजरंग बली के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद वे रोड शो में शामिल हुए और परकोटे के प्रमुख इलाकों से होते हुए मतदाताओं के बीच पहुंचे।

मुख्यमंत्री का रोड शो सांगानेरी गेट से शुरू हुआ। शुरुआती कार्यक्रम में रोड शो का रूट सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया, छोटी चौपड़ होते हुए चांदपोल तक प्रस्तावित था, लेकिन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए इसे छोटा कर दिया गया। अब रोड शो सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया टी-पॉइंट तक रखा गया है। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री त्रिपोलिया क्षेत्र में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान भाजपा के निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी समेत पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे।

जयपुर के परकोटे में मुख्यमंत्री का यह रोड शो भाजपा के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम चरण का अहम कार्यक्रम माना जा रहा है। सांगानेरी गेट, बड़ी चौपड़ और आसपास के बाजारों से जुड़े वार्डों में रोड शो के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पार्टी की नजर खास तौर पर उन वार्डों पर है, जहां वह अपने प्रदर्शन को और मजबूत करना चाहती है।

रोड शो के कारण परकोटे में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़ और त्रिपोलिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए कई जगह डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि रोड शो के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

दरअसल, राजस्थान नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के प्रचार का बुधवार को आखिरी दिन है। शाम 6 बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। जयपुर में नगर निगम चुनाव के लिए 11 सितंबर को मतदान होना है। ऐसे में प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री का परकोटे में रोड शो भाजपा के चुनावी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्यक्रम बन गया है।

भजनलाल शर्मा पिछले कई दिनों से प्रदेश के अलग-अलग शहरों में लगातार रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं। जयपुर का यह कार्यक्रम उनके अभियान का 10वां रोड शो बताया जा रहा है। राजधानी में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रोड शो के जरिए भाजपा ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।

Share This Article