धौलपुर में दर्दनाक हादसा, भाई को बचाने के लिए पोखर में कूदीं तीन बहनें; चारों भाई-बहनों की मौत

News Desk

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सरमथुरा उपखंड के आंगई थाना क्षेत्र के विरजा गांव के पास स्थित हीरामन बाबा की पोखर में डूबने से चार भाई-बहनों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक और उसकी तीन बहनें शामिल हैं। चारों अपने गांव से हीरामन बाबा की जात करने के लिए विरजा धाम पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, धौलपुर के मोरोली गांव से ग्रामीणों का एक जत्था हीरामन बाबा के स्थान पर धार्मिक आयोजन में शामिल होने आया था। रविवार तड़के करीब चार बजे कुछ लोग मंदिर के पास स्थित पोखर में नहाने पहुंचे। इसी दौरान 21 वर्षीय रवि उर्फ भोलू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख उसकी तीनों बहनें उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं, लेकिन पोखर की गहराई अधिक होने के कारण वे भी डूब गईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर पर चारों को तलाशने और बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर आंगई थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीन महिलाओं के शव पोखर से बाहर निकाल लिए गए, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।

इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद करीब सुबह 10 बजे युवक का शव भी पोखर से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक अस्पताल सरमथुरा की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

मृतकों की पहचान रवि उर्फ भोलू (21), बोटो (25), मनोरमा (24) और कल्लो (18) के रूप में हुई है। चारों धौलपुर के मोरोली क्षेत्र के रहने वाले थे। एक ही परिवार के चार भाई-बहनों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

विरजा गांव स्थित हीरामन बाबा का धाम स्थानीय लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां मान्यता के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालु जात और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। रविवार को भी कई ग्रामीण धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए थे, लेकिन इसी दौरान हुए हादसे ने खुशियों और आस्था के माहौल को मातम में बदल दिया।

पुलिस और प्रशासन ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा नहाते समय युवक के गहरे पानी में चले जाने और उसे बचाने के प्रयास में तीनों बहनों के भी पानी में उतरने के कारण हुआ। घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Share This Article