सांभरलेक (जयपुर ) राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान के निर्देशानुसार नगरपालिका सांभरलेक एवं फूलेरा की अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (नगरपालिका) एवं उपखण्ड अधिकारी/उपखण्ड मजिस्ट्रेट सांभरलेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
जारी सूची के अनुसार नगरपालिका सांभरलेक में कुल 17,422 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 8,921 पुरुष, 8,500 महिला तथा 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं नगरपालिका फूलेरा में कुल 18,702 मतदाता दर्ज हुए हैं, जिनमें 9,438 पुरुष एवं 9,264 महिला मतदाता शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए 13 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। इस अवधि में नगरपालिका सांभरलेक क्षेत्र से 572 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 435 नए नाम जोड़ने, 542 नाम हटाने तथा 613 प्रविष्टियों में संशोधन संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी सीडी एवं हार्ड कॉपी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। इस संबंध में 8 मई को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर बैठक आयोजित कर आवश्यक जानकारी भी दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। इसके लिए नागरिक फॉर्म-3, फॉर्म-5 एवं फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर संबंधित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

