जयपुर। NEET 2026 परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने राज्य स्तर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार कल सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि लगातार तीसरे वर्ष NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। केंद्र सरकार ने न तो इस एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई की और न ही सुधार के कदम उठाए। इस लापरवाही से देश के लाखों छात्रों के परिश्रम पर कुठाराघात हुआ है, जिससे परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का विश्वास उठ गया। चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र का रवैया छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
प्रदर्शन में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA को भंग करने की मांग प्रमुख रहेगी। सभी जिलों में विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। कांग्रेस छात्र हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरेगी।

