अलवर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग ने बिजली तंत्र सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये डकार लिए फिर भी आमजन अंधेरे में जीने को मजबूर है। जूली बोले जहां तार बदलने और ट्रांसफार्मर सुधारने की सख्त जरूरत थी, वहां काम तक नहीं कराया गया। 6 करोड़ रुपये खर्च करने के दावे किए गए, लेकिन हकीकत यह है कि दिन में 10–10 बार बिजली कटौती हो रही है।
जूली ने कहा कि सामोला चौक पर विधुत कार्य करते समय संविदा कर्मी राजेश कुमार की मृत्यु का अत्यंत दुखद समाचार मिला। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।
उन्होंने कहा कि अलवर में मेंटेनेंस का काम एक कंपनी के पास है, जबकि कार्य किसी अन्य कंपनी से कराया जा रहा है। मृतक “संध्या” नामक कंपनी का कार्मिक था, जो एलएनटी कंपनी के अधीन कार्य कर रही है और एफआरटी के तहत विद्युत कार्यों की देखरेख करती है। ऐसी स्थिति में दोनों कंपनियां परिवारजनों को आर्थिक सहायता देने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को मामले में त्वरित संज्ञान लेना चाहिए l
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। इन घोटालों में कौन-कौन शामिल है? क्या इन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

