विधायक रामकेश मीना ने सरकार को चेतावनी: यदि पानी नहीं छोड़ा गया तो किसान बड़ा निर्णय लेने को बाध्य होंगे

News Desk

गंगापुर सिटी (सवाईमाधोपुर) ग्राम खण्डीप में पांचना बांध से कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने तथा इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाने की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन किसान महापंचायत एवं धरना तीसरे दिन भी पूरे जोश और उत्साह के साथ जारी रहा। आज धरना स्थल पर गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीना, पांचना कमाण्ड क्षेत्र विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष बटुआ पटेल, समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य, अट्ठाईसा के पंच-पटेल, सर्व समाज के प्रतिनिधि, युवा साथी, महिलाएं, बच्चे तथा हजारों किसान उपस्थित रहे और एक स्वर में नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग दोहराई।

आज खेड़ली-बगलाई क्षेत्र की आमजनता भी बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंची और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। धरना स्थल पर पहुंचे सम्मानित नागरिकों, पंच-पटेलों, किसानों एवं संघर्षरत साथियों का स्वागत किया गया। किसान नेताओं ने सभी के स्नेह, सम्मान एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल पानी का नहीं बल्कि किसानों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा का संघर्ष है। क्षेत्रभर से मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि कमाण्ड क्षेत्र का किसान अब अपने अधिकारों के लिए पूरी तरह एकजुट हो चुका है।

पांचना कमाण्ड क्षेत्र विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्यों एवं कमाण्ड क्षेत्र के पंच-पटेलों के नेतृत्व में यह आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है। जल अधिकार और किसानों के हितों की इस लड़ाई में प्रतिदिन बढ़ती जनभागीदारी सरकार के लिए स्पष्ट संदेश है कि अब किसानों की जायज मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आंदोलन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से पांचना कमाण्ड क्षेत्र विकास संघर्ष समिति द्वारा विभिन्न गांवों को क्रमवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में दिनांक 08 जून 2026 प्रातः 10ः00 बजे से 09 जून 2026 प्रातः 10ः00 बजे तक धरना स्थल पर रुकने एवं समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ग्राम नयागांव-सैमाड़ा को सौंपी गई है। प्रत्येक गांव अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निभा रहा है तथा अपनी बारी आने पर आंदोलन को सफल बनाने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहा है।

महापंचायत में विधायक रामकेश मीना एवं संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने सभी गांवों के पंच-पटेलों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को संगठित एवं एकजुट बनाए रखें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही महापंचायत में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा, जिसकी सूचना पूरे कमाण्ड क्षेत्र को दी जाएगी।

विधायक रामकेश मीना एवं अन्य किसान नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कमाण्ड क्षेत्र की नहरों में शीघ्र पानी नहीं छोड़ा गया तो किसान बड़ा निर्णय लेने के लिए बाध्य होंगे और आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मिता और उदासीनता किसानों के सब्र की परीक्षा ले रही है, लेकिन अब किसान अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

महापंचायत में दिनांक 08 जून 2026 को शाम के समय सुप्रसिद्ध लोक कलाकार मुस्कान अलवर एवं गीतकार काड़ू देवता द्वारा अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से किसानों का उत्साहवर्धन किया जायेगा जिसको लेकर युवाओं में भारी जोश और उत्साह है। वहीं धरना स्थल पर पेयजल, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का संचालन ग्राम खण्डीप के पंच-पटेलों, युवाओं एवं ग्रामीणों द्वारा निरंतर किया जा रहा है।

खण्डीप की पूरी जनता धरनार्थियों की सेवा, आवभगत एवं व्यवस्थाओं में समर्पित भाव से जुटी हुई है। गांव के लोगों द्वारा दिखाई जा रही एकजुटता, सहयोग और अतिथि सत्कार की भावना सामाजिक समरसता एवं जनशक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। यह आंदोलन अब केवल एक गांव या क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे कमाण्ड क्षेत्र के किसानों के अस्तित्व और अधिकारों की लड़ाई बन चुका है।

इस अवसर पर विधायक रामकेश मीना ने कहा कि कमाण्ड क्षेत्र की कृषि भूमि पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच चुकी है और किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। कमाण्ड क्षेत्र का हर किसान, युवा, महिला, बुजुर्ग और बच्चा पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर संघर्षरत है। आंदोलन के कई दिन बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि किसानों को अपने हक के लिए कोई बड़ा निर्णय लेना पड़ता है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। किसानों का यह संघर्ष अपने अधिकार मिलने तक निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article