जयपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जयपुर में HKZ IAS & RAS Academy की शुरुआत हो गई है। संतों के सानिध्य, पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे गणमान्य लोगों की मौजूदगी में अकादमी का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा की भूमिका और युवाओं को बेहतर अवसर देने की जरूरत पर चर्चा हुई।
समारोह में पीर सैय्यद गुलाम हुसैन जिलानी साहब और श्री श्री 1008 श्री अतुल्य कृष्ण दास जी महाराज का सानिध्य रहा। इस अवसर पर एम.डी. चोपदार और आमीन खान ने संतों और कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर, गुलदस्ता और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम.डी. चोपदार ने कहा कि बड़े संस्थान की शुरुआत एक बड़े उद्देश्य से होती है। उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले जयपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक ऐसे संस्थान की शुरुआत का विचार रखा गया था, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सही मार्गदर्शन मिल सके। अब यह विचार HKZ IAS & RAS Academy के रूप में साकार हुआ है। उन्होंने अकादमी से जुड़े सभी सहयोगियों और प्रबंधन टीम का आभार जताते हुए संस्थान को आगे बढ़ाने के लिए लगातार मेहनत करने की बात कही।
अकादमी में 300 विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें 150 छात्राओं और 150 छात्रों के अलग-अलग बैच संचालित किए जाएंगे। संस्थान के मुताबिक, विद्यार्थियों को IAS, RAS और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देशभर के अनुभवी शिक्षकों और प्रोफेसरों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्रों को विषयों की तैयारी के साथ परीक्षा की रणनीति और करियर को लेकर जरूरी दिशा भी मिल सकेगी।
विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अकादमी में इन-हाउस लाइब्रेरी और आधुनिक स्टूडियो तैयार किया गया है। संस्थान की ओर से बताया गया कि कक्षाओं और शिक्षकों के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर को इस तरह तैयार करने पर जोर दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत और व्यवस्थित माहौल मिल सके और जरूरी संसाधन एक ही जगह उपलब्ध हों।
उद्घाटन समारोह में राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों से कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इनमें पूर्व IAS अधिकारी ललित मेहरा और जाकिर हुसैन, एडिशनल SP अमजद अली खान, पूर्व RAS अधिकारी फतेह मोहम्मद खान और मुकर्रम शाह, प्रोफेसर महमूद अली खान, पूर्व राजस्थान मदरसा बोर्ड सचिव सरफुद्दीन बेग और जामिया मिलिया कोचिंग सेंटर दिल्ली के निदेशक कैप्टन यूनुस समेत कई समाजसेवी, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व IAS ललित मेहरा, पीर सैय्यद गुलाम हुसैन जिलानी और श्री श्री 1008 श्री अतुल्य कृष्ण दास जी महाराज ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व और युवाओं को सही अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की जरूरत पर अपने विचार रखे। वहीं पूर्व IAS जाकिर हुसैन ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों और आयोजन समिति का आभार जताया।
उद्घाटन में जयपुर के साथ बालोतरा, बाड़मेर, कोटा, फुलेरा और चाकसू समेत राजस्थान के कई इलाकों से लोग पहुंचे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और उपस्थित लोगों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में इस नई पहल की सराहना की। उनका कहना था कि जयपुर पहले से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रमुख केंद्र है और ऐसे संस्थान विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक विकल्प दे सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, HKZ IAS & RAS Academy का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।