राजस्थान में अगले दो दिन मूसलाधार बारिश, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: 14 अगस्त से कमजोर पड़ेगा मानसून, फिर साफ होगा मौसम

News Desk

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने बुधवार को 5 जिलों में भारी से मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बाकी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, लगातार बारिश के बीच राहत की खबर यह है कि 14 अगस्त से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगेंगी और इसके बाद प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में बादल जमकर बरसे। चित्तौड़गढ़ के डूंगला में सबसे ज्यादा 77 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दौसा, नागौर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सवाई माधोपुर, उदयपुर, सीकर, झालावाड़ और अलवर में भी 50 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम को सुहाना कर दिया।

राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, लेकिन लंबे समय से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, फिलहाल मानसून ट्रफ बीकानेर से होकर गुजर रही है और उत्तरी मध्य प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र से होते हुए डालटनगंज और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से 12 और 13 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

हालांकि, 14 अगस्त से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने लगेगी। इसका असर खासतौर पर जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग में देखने को मिलेगा, जहां बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में स्थानीय मौसम तंत्र के कारण हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 14 अगस्त के बाद अगले करीब एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में अगले दो दिन राजस्थान के लिए बारिश के लिहाज से अहम रहने वाले हैं, जबकि इसके बाद लोगों को उमस और बादलों से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article